मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने टूर्नामेंट का किया शुभारंभ, कहा- एक बार फिर अपने स्वर्णिम दौर की ओर लौट रही हॉकी
भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हो रही प्रतियोगिता
भारत सहित 6 देशों की टीमें ले रहीं हिस्सा, उद्घाटन मैच मेजबान-मलेशिया के बीच
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों के लिए बन रहा सकारात्मक माहौल
19 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 19 नवंबर को भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। उन्होंने टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में आमने-सामने उतरीं भारत-मलेशिया की टीमों की खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उनका उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भारत की टीम की स्पोर्ट्स जर्सी का विमोचन भी किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के लिए आज खेलों का स्वर्णिम दिवस है। प्रदेश में पहली बार आयोजित हो रही इंटरनेशनल एशियन चैंपियनशिप का शुभारंभ हम सभी के लिए, विशेषकर खिलाड़ियों, हॉकी प्रेमियों और प्रदेशवासियों के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि आज भारत और मलेशिया के बीच पहला मुकाबला खेला जा रहा है। महिला हॉकी का यह अद्भुत टूर्नामेंट आज से 28 नवंबर तक लगातार चलेगा।
हमारे लिए यह टूर्नामेंट एक उपलब्धि
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल के इस हॉकी स्टेडियम और पूरे स्पोर्ट्स एरीना में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हृदय से धन्यवाद करना चाहता हूं। उनके नेतृत्व में देश में खेलों का सकारात्मक माहौल बन रहा है और हॉकी एक बार फिर अपने स्वर्णिम दौर की ओर लौट रही है। उन्होंने कहा कि भोपाल में इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट का आयोजन होना हमारे लिए विशेष उपलब्धि है।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे खिलाड़ी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस टूर्नामेंट में भारत के अलावा छह देशों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। मेरी ओर से सभी टीमों और खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। हमें उम्मीद है कि सभी खिलाड़ी अपनी पूरी क्षमता के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे। साथ ही, मध्यप्रदेश की अतिथि सत्कार की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप यहां के खिलाड़ी भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का मान बढ़ाएंगे। मेरी ओर से सभी को हार्दिक शुभकामनाएं।