भारत रत्न पंडित मदन मोहन मालवीय की पुण्यतिथि पर देशभर के नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में योगदान को किया याद

0
pandit-madan-mohan-12-11-26-5288

महान स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक और भारत रत्न पंडित मदन मोहन मालवीय की पुण्यतिथि पर देशभर के प्रमुख नेताओं ने उन्हें सादर नमन किया। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मनोहर लाल, और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई मुख्यमंत्रियों व वरिष्ठ नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से महामना के राष्ट्र निर्माण और शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए अविस्मरणीय योगदान को याद करते हुए अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “महान स्वतंत्रता सेनानी व समाज सुधारक, भारत रत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के स्मृति दिवस पर उन्हें सादर नमन।” वहीं, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने उन्हें महान शिक्षाविद् और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) का संस्थापक बताते हुए कहा कि भारतीय शिक्षा को आधुनिकता और नैतिकता से जोड़ना उनके जीवन का अद्वितीय संकल्प था। शिक्षा, साहित्य और लोक कल्याण के लिए उनके कार्य सदैव प्रेरणादायी रहेंगे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महामना को नमन करते हुए लिखा, “महान स्वतंत्रता सेनानी, काशी हिंदू विश्वविद्यालय के संस्थापक, भारत रत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। राष्ट्र निर्माण, शिक्षा के प्रसार एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाले महामना का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।”

इसके साथ ही अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी उनके विचारों को स्मरण किया। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति के संरक्षण और शिक्षा के प्रसार में उनका अतुलनीय योगदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लिखा कि काशी की प्राचीन ज्ञान परंपरा को आधुनिक शिक्षा से जोड़कर महामना ने एक ऐसे भारत की नींव रखी, जहां युवा ज्ञान, संस्कार और राष्ट्रसेवा से भविष्य गढ़ें। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने समाज सुधार, पत्रकारिता और राष्ट्रीय चेतना के प्रसार के लिए उनके समर्पित जीवन को अत्यंत प्रेरणादायक बताया।

इनके अलावा गुजरात के उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य और सांसद धर्मेंद्र प्रधान ने भी महामना को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि समाज सेवा और शिक्षा के प्रसार के लिए उनका जीवन देशवासियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed