IFFI 2026: किर्गिज़ फिल्म ‘स्काईलार्क’ का भारत में प्रीमियर, सीमाओं के दर्द को दिखाती है कहानी

0
skylark-27-11-26-5188

57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) में किर्गिज़ फिल्म ‘स्काईलार्क’ का भारत में प्रीमियर हुआ। फिल्म के प्रीमियर के बाद निर्देशक एवं पटकथा लेखिका नार्घिजा डोटिएवा और निर्माता गुलनारा कास्माम्बेतोवा ने गोवा में प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में फिल्म की पृष्ठभूमि, इसकी प्रेरणा और भारतीय सिनेमा के साथ अपने पुराने जुड़ाव पर चर्चा की।

85 मिनट की यह फिल्म किर्गिस्तान और ताजिकिस्तान की सीमा से जुड़ी वास्तविक घटनाओं तथा समाचार रिपोर्टों पर आधारित है। इसमें सोवियत संघ के विघटन के बाद मध्य एशिया में सीमाओं के नए निर्धारण से आम लोगों के जीवन पर पड़े गहरे मानवीय प्रभावों को दर्शाया गया है। नई सीमाओं ने उन समुदायों को एक-दूसरे से अलग कर दिया, जो सदियों से साथ रहते आए थे।

फिल्म की कहानी किशोर आइबेक के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका पालन-पोषण उसकी दादी एने करती हैं। दादी के निधन के बाद आइबेक के सामने एक भावनात्मक और नैतिक चुनौती खड़ी हो जाती है। उसे अपनी दादी की अंतिम इच्छा पूरी करनी है, जो चाहती थीं कि उन्हें अपने पति के बगल में दफनाया जाए। लेकिन जिस कब्रिस्तान में उनके पति की कब्र है, वह अब ताजिकिस्तान की सीमा के दूसरी ओर स्थित है।

वास्तविक घटनाओं से मिली फिल्म बनाने की प्रेरणा

प्रेस वार्ता के दौरान निर्देशक नार्घिजा डोटिएवा ने बताया कि फिल्म की प्रेरणा सीमा क्षेत्र में हुई वास्तविक घटनाओं से मिली। निर्माता गुलनारा कास्माम्बेतोवा ने बताया कि सीमाओं के अचानक निर्धारण ने किस तरह किर्गिस्तान के बातकेन क्षेत्र में लोगों के परिचित चरागाहों और पूर्वजों के कब्रिस्तानों को प्रतिबंधित क्षेत्रों में बदल दिया।

फिल्म का नाम ‘स्काईलार्क’ भी एक विशेष सांस्कृतिक प्रतीक से जुड़ा है। किर्गिज़ लोककथाओं में स्काईलार्क यानी लार्क पक्षी को शांति और सद्भाव का प्रतीक माना जाता है। मान्यता है कि यह पक्षी भेड़ की पीठ पर भी शांतिपूर्वक अपना घोंसला बना सकता है। फिल्म में यह प्रतीक संघर्ष और विभाजन के बीच मानवीय धैर्य, सहनशीलता और जीवन के प्रति उम्मीद को दर्शाता है।

भारतीय सिनेमा ने बचपन की यादों को किया ताजा

फिल्मकारों ने भारत के साथ अपने पुराने सांस्कृतिक जुड़ाव को भी याद किया। उन्होंने बताया कि सोवियत काल के किर्गिस्तान में भारतीय फिल्मों का उनके बचपन पर गहरा प्रभाव था। वे परिवार के साथ बॉलीवुड फिल्में देखा करते थे और मोहल्ले के बच्चों के साथ घरों के आंगनों में गाने गाते तथा फिल्मी डांस की नकल करते थे।

उन्होंने विशेष रूप से मिथुन चक्रवर्ती की फिल्म ‘डिस्को डांसर’ का जिक्र किया। फिल्मकारों के मुताबिक, बच्चे मिथुन के डांस स्टेप्स की नकल करते थे। भारतीय सिनेमा ने ऐसे समाज में भावनाओं की अभिव्यक्ति के लिए एक नई खिड़की खोली, जहां सार्वजनिक रूप से प्रेम और भावनाओं को जाहिर करने की परंपरा सीमित थी।

निर्देशक डोटिएवा ने कहा कि राज कपूर की क्लासिक फिल्मों से लेकर अमिताभ बच्चन की फिल्मों तक, भारतीय सिनेमा ने अपनी आत्मीयता, प्रभावशाली कहानी कहने की शैली और मानवीय रिश्तों की संवेदनशील अभिव्यक्ति के कारण किर्गिस्तान में कई पीढ़ियों के दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है।

गौरतलब है कि फिल्म ‘स्काईलार्क’ ने 2026 के अमूर ऑटम फिल्म महोत्सव में ग्रैंड प्रिक्स पुरस्कार हासिल किया है। यह फिल्म मध्य एशिया की पारंपरिक मौखिक कहानी कहने की शैली को आधुनिक सिनेमा के साथ जोड़ती है। प्रेस वार्ता का संचालन बृंदा रंदीप सूडान ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed