मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंदौर जिले के ग्राम आशापुरा में की गोवर्धन पूजा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 24 करोड़ रूपये की लागत वाली अत्याधुनिक कामधेनु गौशाला का किया लोकार्पण
गौशाला में 10 हजार गौवंश की सेवा एवं संरक्षण की रहेगी व्यवस्था
गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार प्रतियोगिता के विजेता गोपालकों को किया गया सम्मानित
गौसेवा और संरक्षण के लिए सरकार प्रतिबद्ध, कामधेनु गौशाला को मिलेंगे 5 करोड़ रुपये अतिरिक्त
गौमाता के बिना हमारी संस्कृति और कृषि व्यवस्था अधूरी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन लीला के माध्यम से प्रकृति, पर्यावरण, जल संरक्षण और गौ-संवर्धन का महत्वपूर्ण संदेश दिया था। गौमाता हमारी सनातन संस्कृति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि व्यवस्था का आधार हैं। गौमाता के संरक्षण और संवर्धन के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि गौमाता के बिना हम अधूरे हैं और हमारे बिना गौमाता का जीवन भी अधूरा है। गौसेवा केवल धार्मिक भावना नहीं, बल्कि सामाजिक संवेदनशीलता और सामूहिक जिम्मेदारी का विषय है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इंदौर जिले के ग्राम आशापुरा, (महू) में जन सहयोग से विकसित तथा अत्याधुनिक कामधेनु गौशाला के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गौशाला का अवलोकन किया। उन्होंने गोवर्धन पूजा की तथा गोपाल कृष्ण ग्राम प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह गौशाला गोवर्धन पर्वत की भावना के अनुरूप सामूहिक सहयोग और जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है। लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस गौशाला के निर्माण में समाजसेवी श्री विनोद अग्रवाल द्वारा सीएसआर मद से 6 करोड़ रुपये तथा श्री नितिन अग्रवाल द्वारा 2.5 करोड़ रुपये का योगदान दिया गया है। अन्य जन सहयोग के साथ शासन विभिन्न मदों से भी राशि व्यय की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गौशाला में सीएनजी गैस प्लांट एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए 5 करोड़ रुपये अतिरिक्त देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि गौमाता के समुचित प्रबंधन के लिए आवश्यकता पड़ने पर सरकार आगे भी संसाधन उपलब्ध कराएगी।
भगवान श्रीकृष्ण ने दिया प्रकृति और सामूहिकता का संदेश
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला हमें प्रकृति के संरक्षण और समाज की सामूहिक शक्ति का संदेश देती है। भगवान श्रीकृष्ण ने बताया कि जल, नदी, पर्वत, वन और प्रकृति के सभी संसाधनों पर सबका समान अधिकार है। गोवर्धन पर्वत धारण कर उन्होंने समाज को एकजुट रहने और प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश दिया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने भी इसी भावना को सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के रूप में आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का ग्रामीण संस्कृति, गौमाता और प्रकृति से विशेष जुड़ाव रहा है। मोर पंख को सम्मान देकर उन्होंने ग्रामीण संस्कृति और प्रकृति के प्रति अपनी आत्मीयता का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया।
गौमाता कृषि और प्राकृतिक खेती का आधार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गौमाता कृषि संस्कृति की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। रासायनिक खादों के अत्यधिक उपयोग से धरती की उर्वरता प्रभावित हुई है। अब समय प्राकृतिक खेती की ओर लौटने का है। प्राकृतिक खेती में गौमाता का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि गौमाता का दूध बच्चों को पोषण और शक्ति प्रदान करता है तथा कुपोषण दूर करने में भी सहायक है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने शाकाहार, गौपालन और प्रकृति के संरक्षण का संदेश दिया। आज आवश्यकता है कि प्रत्येक व्यक्ति गौसेवा की भावना से आगे आए। सरकार ने ऐसी व्यवस्था विकसित करने का संकल्प लिया है, जिससे कोई भी गौमाता लावारिस स्थिति में सड़कों पर नहीं रहे।
गौशालाओं को दी जा रही सहायता राशि दोगुनी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में लगभग 3 हजार 200 गौशालाओं में 5 लाख 61 हजार से अधिक गौवंश के लिए सरकार द्वारा सहायता राशि उपलब्ध कराई जा रही है। पहले गौशालाओं को प्रति गौवंश 20 रुपये प्रतिदिन दिए जाते थे, जिसे बढ़ाकर 40 रुपये प्रतिदिन कर दिया गया है। सरकार का उद्देश्य केवल गौशालाओं के विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि गांव-गांव और मोहल्ले-मोहल्ले में गौपालन को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में गोपाल कृष्ण ग्राम योजना के माध्यम से वृंदावन ग्राम विकसित किए जा रहे हैं। इस योजना के तहत प्रतियोगिताएं आयोजित कर गौपालकों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। देशी गौवंश के संरक्षण और संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इंदौर के बाद भोपाल और जबलपुर में भी बनेंगी बड़ी गौशालाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के बड़े शहरों में गौवंश के बेहतर प्रबंधन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। ग्वालियर के लाल टिपारा में लगभग 10 हजार गौवंश की क्षमता वाली गौशाला संचालित है। इंदौर में भी लगभग 10 हजार गौवंश की क्षमता के अनुरूप व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं। इसके बाद भोपाल और जबलपुर में भी 10-10 हजार गौवंश की क्षमता वाली गौशालाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि पहले गौवंश के लिए पिंजरापोल और अन्य व्यवस्थाएं बनाई जाती थीं, लेकिन अब सरकार गौमाता के सम्मान, सेवा और संरक्षण को ध्यान में रखते हुए बेहतर आवास, चिकित्सा और खान-पान की व्यवस्था कर रही है। कोई किसान या व्यक्ति किसी कारणवश यदि गौमाता का पालन नहीं कर पाता है तो सरकार उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाएगी।
संतों का मार्गदर्शन गौसेवा को देता है संवेदनशीलता
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गौमाता की सेवा में संत समाज की महत्वपूर्ण भूमिका है। गौशाला में बीमार, वृद्ध और चिकित्सा की आवश्यकता वाले गौवंश की देखभाल संवेदनशीलता के साथ होना चाहिए। सरकार व्यवस्थाएं उपलब्ध करा सकती है, लेकिन सेवा और करुणा का भाव संतों के मार्गदर्शन से मजबूत होता है। उन्होंने संत अच्युतानंद महाराज के योगदान की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
महापुरुषों और जनजातीय नायकों की भूमि है महू
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महू क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भूमि भगवान परशुराम की तपोस्थली जानापाव, भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली और जनजातीय नायक टंट्या मामा की गौरवगाथाओं से जुड़ी है। इन महान व्यक्तित्वों ने समाज को समानता, साहस और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष की प्रेरणा दी है। उन्होंने कहा कि महू क्षेत्र को भगवान श्रीकृष्ण की सुदर्शन चक्र संबंधी गाथा का भी विशेष गौरव प्राप्त है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को दीपावली और गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक उत्सवों में भी सक्रिय भागीदारी निभा रही है। गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को आगे बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है।
सर्व सुविधा युक्त कामधेनु गौशाला एक नजर में
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कामधेनु गौशाला में विकसित सुविधाओं का अवलोकन किया। लगभग 26.041 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित इस गौशाला में प्रारंभिक रूप से 550 गौवंश के साथ गौसेवा एवं संरक्षण की व्यवस्था शुरू की गई है। गौशाला की क्षमता 10 हजार गौमाता रहेगी। गौशाला के विकास पर लगभग 24 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं, जिसमें से करीब 11 करोड़ रुपये के निर्माण एवं विकास कार्य दानदाताओं के सहयोग से कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के अंतर्गत किए गए हैं।
गौशाला परिसर में गौवंश के लिए 200×80 फीट आकार के चार विशाल शेड बनाए गए हैं। इसके अतिरिक्त स्मार्ट सिटी के माध्यम से लगभग 3.50 करोड़ रुपये की लागत से 200×160 फीट आकार के खुले बाड़ों का निर्माण किया गया है। शेड एवं खुले बाड़ों में पशुओं के आहार के लिए नांद तथा पेयजल के लिए हौद की व्यवस्था की गई है। बीमार गौवंश की देखभाल के लिए पृथक वार्ड भी बनाया गया है। गौशाला परिसर में बाउंड्रीवॉल, आंतरिक सड़क सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास भी किया गया है। जल संरक्षण एवं जलापूर्ति के लिए नगर निगम द्वारा 2 लाख लीटर क्षमता का संपवेल बनाया गया है। जनसहयोग से ओवरहेड टैंक का निर्माण भी कराया जा रहा है। गौशाला में लोक परिसंपत्ति विभाग द्वारा 73.18 लाख रुपये की लागत से भूसा घर तथा 171.90 लाख रुपये की लागत से प्रशासनिक कार्यालय एवं अप्रोच रोड निर्माण की स्वीकृति दी गई है। इन कार्यों का क्रियान्वयन नगर निगम इंदौर द्वारा किया जा रहा है।
महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव ने अपने संबोधन में कहा कि गौमाता की वास्तविक सेवा और संरक्षण का कार्य गौशालाओं में सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव की प्रेरणा से इंदौर सहित भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर और पूरे मध्यप्रदेश में गौ संरक्षण के प्रयासों को नई दिशा मिलेगी। स्वामी श्री अच्युतानंद जी महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव की गौ-संरक्षण एवं संवर्धन की परिकल्पना साकार रूप लेकर कामधेनु गौशाला के रूप में स्थापित हुई है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गोपालकों को किया पुरस्कृत और सम्मानित
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के तहत हुई प्रतियोगिता के चयनित उत्कृष्ट पशु पालकों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया । इंदौर जिले के चारों वृंदावन ग्रामों से चयनित कुल 12 गोपालकों को पुरस्कृत किया गया । इनमें बनेड़िया के श्री बालाराम रामचंद्र को प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये, श्री अमित सुरेश पटेल को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये तथा श्री राहुल हरिराम चौधरी को तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रुपये प्रदान किए गए । इसी प्रकार वृंदावन ग्राम दतोदा के श्री अलकेश छोटेलाल पटेल, रंगवासा के श्री दिनेश नंदकिशोर तथा शिवनी के श्री उदयसिंह बंशीलाल ठाकुर को भी प्रथम पुरस्कार के रूप में एक-एक लाख रुपये दिये गये। संबंधित ग्रामों के द्वितीय स्थान प्राप्तकर्ता श्री नारायण भीमा उज्जीवाल, श्री धर्मेन्द्र बद्रीलाल एवं श्री सचिन महेश चौधरी को 50-50 हजार रुपये का पुरस्कार मिला। इसी तरह तृतीय स्थान प्राप्तकर्ता श्री धर्मेन्द्र लक्ष्मीनारायण गौड़, श्री राहुल छगनलाल एवं श्री समंदर राजाराम चौधरी को 25-25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गयी ।
कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, राज्यसभा सांसद सुश्री कविता पाटीदार, विधायक सुश्री उषा ठाकुर तथा श्री महेंद्र हार्डिया, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीना सतीश मालवीय, श्री सुमित मिश्रा, श्री श्रवण चावड़ा, समाजसेवी श्री विनोद अग्रवाल तथा श्री नितिन अग्रवाल, आईजी श्री अनुराग, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि गण मौजूद थे।