गुना कलेक्टर के नवाचार को मिली राष्ट्रीय पहचान

0
mp-news-26-9-26-888

‘मोबाइल कोर्ट’ को प्रतिष्ठित स्कोच अवार्ड
भूमि विवादों के त्वरित निराकरण की पहल को 109वें स्कोच समिट में फाउंडेशन ऑफ इन्क्लूसिव ग्रोथ श्रेणी में मिला सम्मान

गुना जिले के राजस्व विभाग के नवाचार ‘मोबाइल कोर्ट’ को यहां आयोजित 109वें स्कोच समिट 2026 में ‘फाउंडेशन ऑफ इन्क्लूसिव ग्रोथ’ श्रेणी के अंतर्गत प्रतिष्ठित स्कोच अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल को प्रदान किया गया, जिसे उनकी ओर से एसडीएम श्री अमित सोनी एवं तहसीलदार श्री देवदत्त गोलिया ने नई दिल्ली में ग्रहण किया। राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान जिला प्रशासन गुना की नवाचार आधारित एवं नागरिक-केंद्रित कार्यप्रणाली की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

आमजन के द्वार पहुंचकर भूमि विवादों का निराकरण

कलेक्टर श्री कन्याल के मार्गदर्शन में संचालित ‘मोबाइल कोर्ट’ पहल का उद्देश्य प्रशासन को आमजन के द्वार तक पहुंचाकर भूमि संबंधी मामलों एवं विवादों का मौके पर ही त्वरित निराकरण करना है। इस पहल के माध्यम से अब तक 424 से अधिक मामलों का निराकरण किया जा चुका है। लंबे समय से लंबित विवादों को पक्षकारों की आपसी सहमति से सुलझाने की दिशा में भी प्रभावी प्रयास किए गए हैं।

मौके पर सुनवाई से मिली सुविधा

‘मोबाइल कोर्ट’ के माध्यम से राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर प्रकरणों की सुनवाई और निराकरण करते हैं। इससे आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार शासकीय कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता कम हुई है। समयबद्ध निराकरण से भूमि संबंधी विवादों में कमी लाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी सहायता मिली है।

नवाचार आधारित सुशासन को राष्ट्रीय पहचान

‘मोबाइल कोर्ट’ को मिला स्कोच अवार्ड जिला प्रशासन गुना के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह सम्मान नागरिकों तक प्रशासनिक सेवाओं की पहुंच बढ़ाने, नवाचार के माध्यम से स्थानीय समस्याओं के समाधान और नागरिक-केंद्रित सुशासन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान को दर्शाता है। जिला प्रशासन द्वारा जनसेवा को अधिक प्रभावी, सुगम और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *