यूरोप में विरोध-प्रदर्शन और अशांति के बीच भारत सरकार की एडवाइजरी: फ्रांस और इटली में रह रहे भारतीयों को सतर्क रहने की सलाह

0
External-Affairs-Ministry-24-10-26-8520

यूरोप के कई देशों में जारी विरोध-प्रदर्शनों और अशांति को देखते हुए भारत ने फ्रांस, इटली और यूरोप के अन्य हिस्सों में रह रहे अपने नागरिकों को सतर्क रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि फ्रांस, इटली और बेल्जियम में स्थित भारतीय दूतावास स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और भारतीय समुदाय के लोगों की सुरक्षा व भलाई सुनिश्चित करने के लिए उनके नियमित संपर्क में हैं।

यह एडवाइजरी यूरोप के विभिन्न हिस्सों में हो रहे बड़े पैमाने पर प्रदर्शनों के बीच जारी की गई है, जिनके बारे में कहा जा रहा है कि ये मुख्य रूप से बढ़ती महंगाई और जीवन-यापन की लागत (Cost of Living) में वृद्धि के कारण भड़के हैं। फ्रांस में पिछले सप्ताह हुए विरोध-प्रदर्शन हिंसक हो गए थे, जहां कई इलाकों में आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं दर्ज की गईं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय नागरिकों को उन इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी गई है जहां विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं। इसके अलावा, उन्हें यात्रा के दौरान उचित सावधानी बरतने और स्थानीय अधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि फ्रांस और इटली में भारतीय दूतावासों ने भी भारतीय नागरिकों के लिए विशेष सलाह जारी की है। मंत्रालय ने दोहराया कि विदेशों में भारतीयों की सुरक्षा और कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

फ्रांसीसी शहर लिमोज (Limoges) में प्रदर्शनकारियों ने एक ऐतिहासिक टाउन हॉल में आग लगा दी, जबकि सार्वजनिक संपत्ति और दुकानों को भी निशाना बनाया गया। झड़पों और व्यापक लूटपाट के बाद गुरुवार को पेरिस की सड़कों पर भी हजारों प्रदर्शनकारी उतर आए, जिसे हाल के वर्षों में देश में अशांति की सबसे गंभीर घटनाओं में से एक माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *