मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को दी दीपावली की मंगलकामनाएं
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में स्थापित होंगे विकास के नए आयाम
8 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए दीपावली के पावन पर्व पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली भगवान श्रीराम की रावण पर विजय, अंधकार पर प्रकाश और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। दीपक की छोटी-सी लौ भी घने अंधकार से संघर्ष कर प्रकाश फैलाती है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। प्रधानमंत्री श्री मोदी का छत्तीसगढ़ के बस्तर में सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दीपावली मनाना उनके प्रति सम्मान, स्नेह और संवेदनशीलता का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प एवं कुशल नेतृत्व में मध्यप्रदेश नक्सलवाद से मुक्त हुआ है। यह प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि और विजय का अवसर है। डिंडोरी, मंडला और बालाघाट जैसे जिले वर्षों तक नक्सलवाद का दंश झेलते रहे, जिससे वहां विकास की गति प्रभावित हुई।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अब नक्सलवाद प्रभावित क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा का वातावरण स्थापित कर विकास की गति तेज की जाएगी। इन अंचलों को प्रदेश के अन्य विकसित क्षेत्रों के समान विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विस्तृत कार्य योजना तैयार की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विश्वास व्यक्त किया कि ये क्षेत्र भी अब शीघ्र ही प्रगति के नए प्रतिमान स्थापित करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीपावली पर सभी प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि, प्रगति, आनंद और मंगलमय जीवन की कामना की है।