मुख्यमंत्री डॉ. यादव मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के अंतर्गत स्वामित्व दस्तावेजों के पंजीयन अभियान में हुए शामिल

0
mp-cm-6-11-26-58880

मुरैना जिले के ग्राम करुआ में लाभान्वित हितग्राहियों और पटवारियों से किया संवाद
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पटवारियों का किया सम्मान
किसानों और ग्रामवासियों को उनकी सम्पत्ति का पूरा अधिकार दिया जा रहा है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
राजस्व विभाग के अधिकारी दीपावली पर ग्रामवासियों को खुशियां बांट रहे हैं
ग्राम करुआ में आरंभ होगा माध्यमिक स्कूल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आजादी के बाद संपत्तियों की पक्की रजिस्ट्री का कार्य काफी चुनौतीपूर्ण था। गांव में अपनी जमीन पर लाखों रुपए खर्च कर पक्का मकान बनाने के बाद भी उस संपत्ति का कोई रजिस्टर्ड दस्तावेज नहीं होता था। बैंक भी उस संपत्ति पर कोई ऋण नहीं देते थे। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने ग्रामीण आबादी को पट्टे दिए। अब राज्य सरकार ने संपत्तियों की पक्की रजिस्ट्री कराने का अभियान शुरू किया है। जिला प्रशासन के सभी अधिकारी, तहसीलदार-पटवारी मिलकर ग्रामवासियों को दीपावली पर नि:शुल्क रजिस्ट्री के जरिए खुशियां बांट रहे हैं। मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के अंतर्गत किसानों और ग्रामवासियों को उनकी संपत्ति का पूरा अधिकार दिया जा रहा है। राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना में प्रदेशभर में 50 लाख नि:शुल्क रजिस्ट्री कराने का लक्ष्य रखा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुरैना जिले के ग्राम करुआ में प्राथमिक स्कूल का उन्नयन कर इसे माध्यमिक स्कूल करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने धनतेरस के शुभ अवसर पर मुरैना जिले के ग्राम करुआ में मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना अंतर्गत आयोजित स्वामित्व दस्तावेजों के पंजीयन अभियान कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया तथा रिमोट का बटन दबाकर मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना की शुरुआत की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम स्थल पर मौजूद योजना के हितग्राहियों से आत्मीय संवाद किया।

बच्चों के भविष्य निर्माण में भी उपयोगी होंगे रजिस्ट्री के दस्तावेज

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जब बच्चे पढ़-लिखकर डॉक्टर, इंजीनियर बनेंगे और अपना नर्सिंग होम या अस्पताल खोलना चाहेंगे अथवा कोई अन्य व्यवसाय शुरू करना चाहेंगे, तब बैंक से ऋण लेने के लिए उन्हें रजिस्ट्री के दस्तावेज भी उपलब्ध होने चाहिए। इससे उन्हें आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के अंतर्गत जिन गांवों में 80 से 100 प्रतिशत तक रजिस्ट्रियां पूरी हो चुकी हैं, ऐसे गांवों में मंत्री, विधायक और वरिष्ठ अधिकारी पहुंचकर धनतेरस पर हितग्राहियों को दस्तावेज बांट रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान लगातार चलता रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ रजिस्ट्री अभियान में जुटे पटवारियों, तहसीलदारों और अन्य अधिकारियों को बधाई दी।

राज्य सरकार किसानों की बेहतरी के लिए निरंतर कार्यरत है

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार किसान कल्याण वर्ष मना रही है। पूरे वर्ष किसानों की बेहतरी और आमदनी बढ़ाने के लिए काम करना हमारा उद्देश्य है। दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। अगर कोई किसान 25 गाय या भैंस खरीदने के लिए बैंक से ऋण लेता है और इस पर लगभग 40 लाख रुपए खर्च होते हैं और इस पर 10 लाख रुपए का अनुदान सरकार दे रही है। किसान दूध का उत्पादन करें और सहकारी समिति या अन्य माध्यमों से बेचें। हमारा प्रयास है कि खेती के साथ पशुपालन और दुग्ध उत्पादन से भी किसानों की आमदनी बढ़े और वे आर्थिक रूप से समृद्ध बनें।

प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन में हर वर्ग के कल्याण के लिए गतिविधियां संचालित हैं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार द्वारा हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य किया जा रहा है। किसानों को सिंचाई के लिए दिन में भी बिजली मिल रही है। अब दूर-दराज के ग्रामीण परिवारों को मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा का लाभ मिलेगा। राज्य सरकार दीपावली और उसके बाद गोवर्धन पूजा को भी धूमधाम से मनाने जा रही है। राज्य के सभी विकासखंडों में एक गांव को वृंदावन ग्राम बनाया गया है। किसान और पशुपालकों को उन्नत नस्ल की गौमाता उपलब्ध कराई जा रही हैं। अच्छी गौमाता पालने वाले गौपालकों को पुरस्कार प्रदान किए जा रहे हैं। राज्य सरकार भविष्य में विकासखंड स्तर पर अच्छे पशुओं की प्रतियोगिताएं कराएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार मेधावी बच्चों को लैपटॉप और स्कूटी प्रदान कर रही है।

आजादी के बाद पहली बार संपत्ति का अधिकार मिलने पर भावुक हुए हितग्राही

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वामित्व योजना के हितग्राहियों से आत्मीय संवाद किया और उनसे पूछा कि पक्की रजिस्ट्री मिलने के बाद उन्हें किस प्रकार का लाभ मिलेगा तथा उनका अनुभव कैसा रहा। हितग्राही श्री जगदीश यादव ने मुख्यमंत्री को बताया कि अब उनके पक्के मकान की रजिस्ट्री होने से उन्हें वास्तविक मालिकाना हक प्राप्त हो गया है। इससे उनके मकान की कीमत और महत्व भी बढ़ेगा तथा भविष्य में वे इसका उपयोग अपनी आवश्यकताओं के अनुसार कर सकेंगे। हितग्राही श्री रामचित कुशवाहा ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से उन्हें काफी लाभ मिल रहा है। अब उनके मकान का मालिकाना हक भी उन्हें मिल गया है, जिससे भविष्य में अन्य कार्यों के लिए सुविधाएं प्राप्त करने में आसानी होगी। श्री राकेश बाथम ने कहा कि रजिस्ट्री होने से अब वे अपने मकान के दस्तावेजों के आधार पर बैंक से ऋण प्राप्त कर सकेंगे। इससे उन्हें आर्थिक आवश्यकताओं और अन्य कार्यों को पूरा करने में सुविधा मिलेगी।

इसी प्रकार मुख्यमंत्री ने श्री सोवरन सिंह एवं श्री रामखत्याहार सिंह से भी बातचीत की। हितग्राहियों ने बताया कि उन्हें इस बात की विशेष खुशी है कि उनके मकानों की रजिस्ट्री कराने में कोई शुल्क नहीं देना पड़ा। उन्होंने राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आजादी के बाद से अब तक उन्हें अपने मकानों का ऐसा पक्का मालिकाना अधिकार नहीं मिल पाया था, जो अब प्राप्त हुआ है। हितग्राहियों ने कहा कि अब वे अपने मकानों के वास्तविक वैधानिक मालिक बन गए हैं। हितग्राही श्री अतर सिंह ने भी मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए बताया कि उनकी लगभग 89 हजार रुपये की रजिस्ट्री का पूरा खर्च सरकार ने वहन किया है। उन्हें रजिस्ट्री के लिए कोई राशि नहीं चुकानी पड़ी। मुख्यमंत्री ने सभी हितग्राहियों को बधाई देते हुए कहा कि धनतेरस के इस शुभ अवसर पर मिला यह अधिकार उनके जीवन में समृद्धि और खुशहाली के नए द्वार खोलेगा।

मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन क्लिक कर किया रजिस्ट्री का शुभारंभ, पटवारियों से जाना अनुभव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में पटवारी श्री मुकेश तिवारी एवं श्री विवेक सिकरवार से स्वामित्व योजना के अंतर्गत रजिस्ट्री कार्य की विस्तार से जानकारी ली एवं सम्मानित पटवारियों से उनके अनुभवों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने उनसे पूछा कि ग्रामीणों के मकानों की रजिस्ट्री कराते समय उन्हें कैसा अनुभव हुआ। पटवारियों ने बताया कि जब वे किसी ग्रामीण के मकान की रजिस्ट्री कराकर उसे उसके नाम का पक्का मालिकाना अधिकार दिलाते हैं, तो हितग्राही के चेहरे पर आने वाली खुशी और संतुष्टि देखकर उन्हें भी आत्मिक प्रसन्नता होती है। ग्रामीणों का छोटा या बड़ा मकान हो, उसे उसका वैधानिक अधिकार दिलाने से उन्हें अपने कार्य की सार्थकता महसूस होती है। उन्होंने कहा कि यह केवल रजिस्ट्री का कार्य नहीं, बल्कि वर्षों से अपने मकान में रह रहे परिवारों को उनका अधिकार दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर है। मुख्यमंत्री ने उनके समर्पण एवं कार्य की सराहना करते हुए सभी को बधाई दी।

स्वामित्व योजना में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सम्मानित होने वाले तहसीलदार एवं पटवारी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करते हुए 200 से अधिक रजिस्ट्री कराने वाले पटवारियों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने स्वामित्व योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले तहसीलदार श्री रवीश भदौरिया, तहसील सबलगढ़ तथा तहसीलदार श्री घनश्याम शर्मा, मुरैना ग्रामीण को सम्मानित किया। पटवारियों में तहसील अम्बाह के श्री शिवमोहन सिंह तोमर, श्री राजेश तोमर, श्री सौरभ सिकरवार एवं श्री संजीव शर्मा शामिल रहे। इसके साथ ही तहसील बानमोर की श्रीमती मोहिनी शर्मा एवं श्री विनोद कुलश्रेष्ठ तथा तहसील कैलारस के श्री राधेश्याम शर्मा एवं श्री नरेन्द्र कुमार को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की रजिस्ट्री योजना ने ग्रामवासियों के दिल को छुआ है

प्रदेशाध्यक्ष एवं वरिष्ठ विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव की रजिस्ट्री योजना ने ग्रामवासियों के दिल को छुआ है। पहले हितग्राहियों को संपत्ति पर कोई बैंक लोन नहीं मिल पाता था, लेकिन अब रजिस्ट्री होने से उनके पास अपनी संपत्ति का रजिस्टर्ड डॉक्यूमेंट है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने स्वामित्व योजना की शुरुआत कर पट्टे वितरित किए। अब मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पक्की रजिस्ट्री करवाई है। प्रदेश का हर नागरिक पक्की रजिस्ट्री पाकर खुश है। यह संपत्ति हितग्राहियों के लिए सम्मान का एक दस्तावेज है।

कार्यक्रम में किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना, सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर, आयुक्त चंबल संभाग श्री मनोज खत्री, कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़, पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीणा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव, पूर्व विधायक श्री रघुराज कंषाना, श्री राकेश मावई सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *