हांगकांग ओपन 2026: सात्विक-चिराग की जोड़ी सेमीफाइनल में, रक्षिता रामराज क्वार्टर फाइनल से बाहर
भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने शुक्रवार को हांगकांग ओपन 2026 के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। भारतीय जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में चीन के हू के युआन और लिन जियांग यी की जोड़ी को 21-12, 13-21, 21-16 से मात दी।
सात्विक और चिराग ने शानदार शुरुआत करते हुए महज 13 मिनट में पहला गेम 21-12 से अपने नाम किया। दूसरे गेम में कड़ा संघर्ष देखने को मिला, जहां 4-4 और 9-9 की बराबरी के बाद चीनी जोड़ी ने 13-11 और फिर 15-11 की बढ़त हासिल की। अंततः हू और लिन ने यह गेम 21-13 से जीतकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया।
निर्णायक तीसरे गेम में भारतीय जोड़ी ने दमदार वापसी की और इंटरवल तक 11-7 की बढ़त बना ली। इसके बाद उन्होंने 15-9 और 17-10 से आगे रहते हुए अपनी पकड़ मजबूत की। आखिरी पलों में चीनी जोड़ी ने वापसी की कोशिश जरूर की, लेकिन सात्विक और चिराग ने संयम बनाए रखते हुए 21-16 से गेम और मैच जीतकर अंतिम चार में जगह पक्की कर ली।
वहीं, महिला एकल क्वार्टर फाइनल में भारत की 19 वर्षीय खिलाड़ी रक्षिता रामराज को हार का सामना करना पड़ा। वह 53 मिनट तक चले मुकाबले में थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग से सीधे गेमों में 19-21, 16-21 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गईं।
पहले गेम में रक्षिता ने कड़ी चुनौती दी और 13-13 की बराबरी के बाद 15-17 से पिछड़ने के बावजूद 17-17 से स्कोर बराबर कर लिया। हालांकि, अंतिम क्षणों में चोचुवोंग ने धैर्य दिखाते हुए 21-19 से गेम जीत लिया। दूसरे गेम में भी थाई खिलाड़ी ने लगातार चार अंक लेकर 14-10 की बढ़त बनाई और रक्षिता को वापसी का मौका दिए बिना 21-16 से गेम जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना ली।